
उत्तरकाशी। मोरी प्रखंड के आराकोट क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा भवन उसकी चपेट में आ गया। हादसे में भवन में अकेले रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की जलकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तथा अग्निशमन टीमों को मौके पर भेजा गया।
कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मोरी और त्यूणी से अग्निशमन वाहनों को मौके पर बुलाया। इसके साथ ही पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी अग्निशमन वाहन और टीम पहुंची। तीनों स्थानों से पहुंची टीमों ने पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की तीव्रता अधिक होने के कारण राहत एवं बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पुराना स्वास्थ्य भवन पूरी तरह जल चुका था।
वर्षों से पुराने भवन में रह रही थीं पार्वती जैन
हादसे में जान गंवाने वाली पार्वती जैन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त एएनएम थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद वह वर्षों से इसी पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में रह रही थीं। घटना के समय वह भवन में अकेली थीं।
सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान के अनुसार, पार्वती जैन मूल रूप से देहरादून के आराघर क्षेत्र की रहने वाली थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि समय-समय पर उनकी एक मुंहबोली बेटी भी उनसे मिलने आती थी।
प्रथम दृष्टया चूल्हे से आग लगने की आशंका
थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि पार्वती जैन जिस कमरे में रहती थीं, वहीं लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाती थीं। संभावना जताई गई है कि खाना बनाते समय लकड़ी से आग भड़की होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी उनके भतीजे को भी दे दी गई, जो देहरादून से आराकोट के लिए रवाना हुए।
पूरे क्षेत्र में शोक
हादसे में सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी की मौत की खबर फैलते ही आराकोट क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्वती जैन लंबे समय से क्षेत्र में रह रही थीं और लोगों से उनका परिचय था। अचानक हुए इस हादसे ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आग के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।




