
ऋषिकेश। मुनि की रेती क्षेत्र में बुधवार को गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नए रिवर राफ्टिंग सीजन का विधिवत शुभारंभ हो गया। राफ्टिंग व्यवसायियों, रिवर गाइड्स और पर्यटन कारोबार से जुड़े स्थानीय लोगों ने गंगा घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान सभी ने पर्यटकों की सुरक्षा और पूरे सीजन के निर्विघ्न संचालन की कामना की।
सुबह से ही गंगा घाटों पर राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न हुई। राफ्टिंग व्यवसायियों और गाइड्स ने इस दौरान सुरक्षित राफ्टिंग सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का संकल्प लिया।
राफ्टिंग से पर्यटन कारोबार को उम्मीद
राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धमेंद्र नेगी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में साहसिक पर्यटन के प्रति पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। राफ्टिंग के कारण मुनि की रेती और आसपास के क्षेत्र ने व्हाइट वाटर राफ्टिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बनाई है।
नए सीजन के शुरू होने के साथ राफ्टिंग कारोबारियों को पर्यटकों की संख्या बढ़ने और बुकिंग में तेजी आने की उम्मीद है। इसका असर क्षेत्र के होटल, रिसॉर्ट, कैंप और राफ्टिंग यूनिट्स के कारोबार पर भी पड़ने की संभावना है।
स्थानीय युवाओं को रोजगार की उम्मीद
राफ्टिंग सीजन केवल राफ्टिंग कंपनियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे क्षेत्र के कई अन्य पर्यटन व्यवसाय भी जुड़े हैं। होटल, कैंप, रेस्टोरेंट, परिवहन और अन्य सेवाओं में काम करने वाले लोगों को भी सीजन शुरू होने से कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
मुनि की रेती और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा रिवर गाइड, लाइफ गार्ड, ट्रांसपोर्टर, कैंप संचालक तथा होटल-रेस्टोरेंट कर्मियों के रूप में पर्यटन गतिविधियों से जुड़े हैं। सीजन की शुरुआत के साथ इन लोगों में भी उत्साह नजर आया।
सुरक्षा नियमों पर रहेगा जोर
पर्यटन विभाग ने राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। पर्यटन अधिकारी नरेंद्र नगर सोबत सिंह राणा ने कहा कि राफ्टिंग के दौरान लाइफ जैकेट और हेलमेट पहनना अनिवार्य है। इसके साथ ही निर्धारित सुरक्षा नियमों, राफ्टिंग स्ट्रेच और समय-सारणी का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
नए सीजन के आगाज के साथ अब गंगा की लहरों पर राफ्टिंग का रोमांच फिर शुरू हो गया है। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और इससे ऋषिकेश-मुनि की रेती क्षेत्र के पर्यटन कारोबार को भी गति मिलेगी।




