
देहरादून ( उत्तराखंड) सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए रुड़की में 5 अक्टूबर से भर्ती रैली शुरू होगी। यह प्रक्रिया 23 अक्टूबर तक चलेगी। भर्ती वर्ष 2027 के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम पास कर चुके अभ्यर्थियों को निर्धारित श्रेणी और तारीख के अनुसार आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणियों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। अलग-अलग श्रेणियों के लिए अलग-अलग तारीख तय की गई है।
अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया 5 से 12 अक्टूबर तक चलेगी। अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और रिपोर्टिंग समय के अनुसार रैली स्थल पर पहुंचना होगा।
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए उत्तराखंड के सात जिलों के अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। इनमें उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, देहरादून और हरिद्वार शामिल हैं। इन जिलों के GD अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया 13 से 19 अक्टूबर के बीच होगी।
20 अक्टूबर को अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। ट्रेड्समैन में आठवीं और 10वीं पास श्रेणियां शामिल हैं, जबकि टेक्निकल पद के लिए अलग निर्धारित शैक्षणिक योग्यता लागू होगी।
21 से 23 अक्टूबर की तारीख मेडिकल से जुड़ी प्रक्रिया के लिए आरक्षित रखी गई है। भर्ती के दौरान शारीरिक दक्षता, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अभ्यर्थियों को रैली में एडमिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, ऑनलाइन तैयार पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र, 20 रंगीन फोटो और शैक्षणिक प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन फोटो कापी भी लाना अनिवार्य होगा।




