
मसूरी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन गुरुवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) पहुंचे। उन्होंने वर्ष 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के लिए आयोजित प्रोफेशनल कोर्स फेज-II के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अकादमी पहुंचने पर उपराष्ट्रपति ने सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अकादमी परिसर में आयोजित समापन समारोह में भाग लिया।
आईएएस प्रोफेशनल कोर्स फेज-II वर्ष 2024 बैच के अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्हें देश की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने तथा जनसेवा को प्रशासन के केंद्र में रखने का आह्वान किया। उपराष्ट्रपति के मसूरी दौरे को देखते हुए एलबीएसएनएए परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।







