
हल्द्वानी। शहर के बेस अस्पताल में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत एक युवक ओपीडी में दवा लेने पहुंचा और महिला मरीजों की कतार तोड़कर आगे जाने लगा। महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने उनसे बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज पर उतर आया। घटना से अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक दोपहर के समय ओपीडी दवा काउंटर पर पहुंचा। वह नशे की हालत में सीधे महिला मरीजों की लाइन में घुस गया और अपनी बारी से पहले दवा लेने का प्रयास करने लगा। कतार में खड़ी महिलाओं ने जब उसे नियमों का पालन करने के लिए कहा तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
शोर-शराबा बढ़ने पर मौके पर तैनात होमगार्ड जवान और अस्पताल कर्मचारी तुरंत वहां पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करते हुए उसे महिला कतार से बाहर निकाला। कुछ देर बाद उसे अस्पताल परिसर से बाहर भेज दिया गया, जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ।
घटना के दौरान महिला मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त होनी चाहिए, ताकि मरीजों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बेस अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की अराजकता, अभद्र व्यवहार या नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए होमगार्ड और सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति अस्पताल की व्यवस्था भंग करेगा या कर्मचारियों और मरीजों के साथ दुर्व्यवहार करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




