
देहरादून। आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तराखंड ने बुधवार को NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में देहरादून के घंटाघर स्थित स्वर्गीय इन्द्रमणि बड़ौनी की प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी की प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों के साथ हुए व्यवहार की निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि NEET पेपर लीक से लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, तब उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए केंद्र सरकार से छात्रों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के छात्र भी इस मामले से प्रभावित हुए हैं। पार्टी ने मांग की कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। साथ ही जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
धरना प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पांडेय, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, अशोक सेमवाल, डीके पाल, प्रवक्ता डी.एस. कौटिल्य, प्रदेश सचिव जितेन पंथ, मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना, शैलेश तिवारी, कमल राणा, अकेश भट्ट सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी।




