
देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। जारी आदेश के तहत 33 इंस्पेक्टर और उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण शाखाओं और थानों के प्रभारी बदले गए हैं। इंस्पेक्टर राकेन्द्र कठैत को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) का प्रभारी बनाया गया है। प्रमोद उनियाल को वीवीआईपी सेल और अरविन्द कुमार को सीनियर सिटीजन सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विवेक राठी को कालसी का थानाध्यक्ष, कुलदीप शाह को त्यूनी का थानाध्यक्ष तथा अश्वनी बलूनी को आराघर चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। अमित कुमार को आईडीपीएल चौकी, सतेन्द्र सिंह को डाकपत्थर, संदीप पंवार को सहिया, प्रवेश रावत को मयूर विहार, संदीप कुमार को धारा चौकी, रवि प्रसाद को आशारोड़ी, नवीन डंगवाल को फव्वारा चौक तथा रघुवीर सिंह कप्रवाण को हरिपुरकलां चौकी प्रभारी बनाया गया है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की कार्यक्षमता और निगरानी को मजबूत करना माना जा रहा है।
इसके अलावा नरेन्द्र कोठियाल को राजपुर का वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई), नीरज कठैत को कालसी एसएसआई, संजय रावत को रायवाला एसएसआई, अमन चड्ढा को कोतवाली नगर तथा धनीराम पुरोहित को एसओजी नगर भेजा गया है। बलदीप सिंह को रानीपोखरी एसएसआई, मनोहर नेगी को प्रेमनगर, नवीन जोशी को ऋषिकेश एसएसआई, भरत सिंह रावत को रायपुर एसएसआई, दिनेश राणा को मसूरी तथा कविन्द्र राणा को डोईवाला में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। महिला उपनिरीक्षक सुधा रावत को डिफेंस कॉलोनी चौकी प्रभारी बनाया गया है। शिखा तेगवाल को पटेलनगर, पूनम खत्री को रायपुर, निशा पांडे को नेहरू कॉलोनी, तनुजा शर्मा को क्लेमनटाउन, ज्योति को सहसपुर, सुधा बिष्ट को डोईवाला तथा दीप्ति जगवाण को बसंत विहार थाने में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, पुलिसिंग को प्रभावी करने तथा विभिन्न थानों और विशेष इकाइयों में कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी बिना विलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें, ताकि पुलिस व्यवस्था प्रभावित न हो और जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलती रहें।




