
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर हुई बारिश से मैदानी क्षेत्रों में उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली, जबकि पर्वतीय इलाकों में मौसम सुहावना होने के साथ ठंड का अहसास भी बढ़ गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है।
देहरादून में मंगलवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे शुरू हुई बारिश का सिलसिला रुक-रुककर शाम करीब चार बजे तक चलता रहा। हल्की से मध्यम बारिश के कारण मौसम में बदलाव आया और लंबे समय से पड़ रही उमस से लोगों को राहत मिली। हालांकि तापमान सामान्य से अधिक बना रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक शहर में 6.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदियों और गदेरों के जलस्तर में वृद्धि तथा संवेदनशील मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मानसून के सक्रिय रहने के कारण आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।




