
कालाढूंगी/नैनीताल। नैनीताल की खूबसूरत वादियों से यादगार पल समेटकर घर लौट रहा मेरठ का एक परिवारिक समूह कभी न भूलने वाले दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर प्रिया बैंड के समीप बुधवार देर शाम एक टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर खाई की ओर जा झुका। इस हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक समेत 27 लोग घायल हो गए। मृतक महिलाओं की पहचान नाज़मीन और फरद बेगम के रूप में हुई है। दोनों अपने पति और बच्चों के सामने वाहन से नीचे खाई में गिर गईं, जिससे परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मेरठ के इस्लामाबाद काला फैक्टरी क्षेत्र के रहने वाले कई परिवार आपस में रिश्तेदार हैं। सभी लोग एक साथ नैनीताल घूमने आए थे। दिनभर पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने और नौकायन का आनंद लेने के बाद शाम को वे टेंपो ट्रैवलर से वापस मेरठ लौट रहे थे। वाहन में कुल 29 लोग सवार थे। कालाढूंगी पहुंचने से पहले प्रिया बैंड के समीप अचानक वाहन के ब्रेक जवाब दे गए। चालक नईम ने वाहन को नियंत्रित करने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण स्थिति हाथ से निकल गई।
चालक ने हादसे को टालने के लिए वाहन को डिवाइडर से टकराकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन रफ्तार इतनी अधिक थी कि डिवाइडर टूट गया। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और खाई की ओर झुक गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में बैठे यात्री आगे की ओर उछल गए। इसी दौरान वाहन का शीशा टूट गया और नाज़मीन तथा फरद बेगम संतुलन खोकर खाई में जा गिरीं। परिजनों ने उन्हें पकड़ने और बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासी अजय और जैक्सन सहित आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कालाढूंगी अस्पताल और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया। अस्पताल प्रशासन को तत्काल हाईअलर्ट पर रखा गया। चिकित्सकों की टीम ने देर रात तक घायलों का उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार कई लोगों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
हादसे ने एक बार फिर कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग के प्रिया बैंड की खतरनाक स्थिति को उजागर कर दिया है। यह स्थान पहले से ही ब्लैक स्पॉट घोषित है और यहां पूर्व में भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और वाहनों की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात भी सामने आ रही है। इसको लेकर परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक खुशहाल पर्यटन यात्रा को मातम में बदल दिया। मृतक महिलाओं के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल यात्री अभी भी अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।




