
- निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 127 लोगों की जांच और दवा वितरण
- स्व. नीलम अग्रवाल की जयंती पर लगा विशाल स्वास्थ्य शिविर
- रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा को मिला रक्तवीर सम्मान
- स्वास्थ्य जागरूकता शिविर समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम : सुबोध उनियाल
देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही सुखी जीवन का सबसे बड़ा आधार है और समाज को स्वस्थ बनाने में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज सेवा का श्रेष्ठ माध्यम हैं, जहां जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल हाथीबड़कला कैंट रोड स्थित मैक्स हॉस्पिटल के सहयोग से स्व. नीलम अग्रवाल मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित पूर्णतः निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं औषधि वितरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ट्रस्ट के चेयरमैन शिक्षाविद डॉ. सुनील अग्रवाल की ओर से अपनी दिवंगत पत्नी स्व. नीलम अग्रवाल की 62वीं जयंती पर आयोजित इस सेवा कार्य को प्रेरणादायक बताया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लाभार्थियों को देखते हुए उन्होंने इसे अत्यंत सफल आयोजन करार दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा को 155 बार रक्तदान करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर “नीलम अग्रवाल मेमोरियल रक्तवीर सम्मान” प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अनिल वर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. सुनील अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सुनील अग्रवाल ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा वर्ष में चार अवसरों पर जनहित के ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके और उनकी धर्मपत्नी के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और पुण्यतिथि पर समाज सेवा से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, मनोरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों और डाइटिशियन द्वारा कुल 127 जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, हीमोग्लोबिन, टीएसएच और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।
पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वरदान साबित होते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि “हेल्थ इज वेल्थ” जीवन का सबसे बड़ा सत्य है और स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन का वास्तविक आनंद ले सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर लोगों को समय रहते बीमारी के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। फिल्म अभिनेत्री एवं दी हिमाचल टाइम्स समाचार पत्र समूह की चेयरमैन इंद्राणी पांधी ने कहा कि ग्रामीण और गृहिणी महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य को लेकर लापरवाह रहती हैं। ऐसे शिविर महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होते हैं, क्योंकि आर्थिक या सामाजिक कारणों से उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती।
यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य जांच शिविर लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति समय रहते सचेत करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा आयोजित शिविर को महान परोपकार बताते हुए स्व. नीलम अग्रवाल की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम में विख्यात मनोचिकित्सक डॉ. मुकुल शर्मा, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, वैश्य महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय गोयल, कथा व्यास सुभाष जोशी, अग्रवाल समाज अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, महिला अध्यक्ष रितु गोयल, आभा बड़थ्वाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिविर संचालन में नेमी चंद अग्रवाल, सुशीला अग्रवाल, शकुंतला अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, एडवोकेट सिद्धार्थ अग्रवाल, काजल रावत, अंशुल राणा, सृष्टि भट्ट, हिमानी राघव, गीतांजलि मोरेना, शोभित जैन, राघव गोयल, सुमित अग्रवाल, आयुष अग्रवाल और अन्य स्वयंसेवकों ने विशेष सहयोग दिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. सोना कौशल गुप्ता, डॉ. मनोज नौटियाल, डॉ. रितु बदूनी, डॉ. शैली गुप्ता और डॉ. डॉली बालियान शामिल रहीं।




