
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी बिगड़ा रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के आठ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव बना हुआ है। विशेष रूप से पर्वतीय इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने या अन्य नुकसान की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
राजधानी देहरादून में सुबह से बादल छाए रहने की संभावना है। दिनभर बीच-बीच में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज होने के कारण ठंड का असर भी महसूस किया जा सकता है।
मौसम विभाग ने यात्रियों और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए यात्रा के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है।
प्रशासन ने भी संबंधित जिलों में आपदा प्रबंधन और राहत टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




