
पौड़ी। पर्वतीय पत्रकार महासंघ पौड़ी जनपदीय की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंकज रावत ने की, जबकि संचालन महासंघ के सचिव अंकित उनियाल ने किया। बैठक में संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के साथ-साथ पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद संगठन के विस्तार और नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर सदस्यों के बीच विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई, जिससे संगठन को जिला स्तर से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक अधिक मजबूती देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।
महासंघ ने अनिल बहुगुणा को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं गणेश नेगी और अजय रावत को उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा अरुण पंत को प्रचार मंत्री, जगत किशोर बर्त्वाल को संगठन मंत्री, भगवान सिंह रावत को सह-सचिव और रूपेन कण्डारी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सदस्य संख्या बढ़ाई जाए और प्रत्येक क्षेत्र में पत्रकारों को संगठन से जोड़ा जाए। साथ ही यह भी तय किया गया कि महासंघ की प्रत्येक बैठक में सभी सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी ताकि संगठनात्मक गतिविधियां अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें।

सदस्यों ने मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन की नियमित गतिविधियों को गति देने के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित की जाएगी तथा प्रत्येक तीन माह में अनिवार्य बैठक सुनिश्चित की जाएगी। महासंघ के सचिव अंकित उनियाल ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए सभी पत्रकार साथियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए महासंघ निरंतर प्रयासरत रहेगा।
वहीं जिला अध्यक्ष पंकज रावत ने कहा कि पर्वतीय पत्रकार महासंघ पत्रकारों के हितों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को बनाए रखते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में अनिल बहुगुणा, जगत किशोर बर्त्वाल, रूपेन कण्डारी, दलबीर पटवाल, मुकेश सिंह, अरुण पंत, भगवान सिंह, गणेश नेगी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




