
काशीपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले शराब में जहर मिलाकर युवक को मौत के घाट उतारा और फिर शव को नहर में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक कुलवंत सिंह की मां ने अपने बेटे के लापता होने पर आईटीआई कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने पुत्रवधू पर संदेह जताते हुए किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व सर्विलांस के आधार पर संदिग्धों तक पहुंची।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी गुड्डी का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पूछताछ में सामने आया कि उसका कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
आरोपियों ने बताया कि 25 अप्रैल को योजना के तहत प्रेमी ने सल्फास, शराब और अन्य सामग्री लाकर दी। इसके बाद महिला ने अपने पति को शराब में जहर मिलाकर पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने शव को कार में रखकर एनएच-74 बाईपास पुल से नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से जसपुर क्षेत्र स्थित गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले का सफल खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और रिश्तों में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।




