
रुद्रप्रयाग: गौतम अदाणी ने शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और प्रदेश की बहुप्रतीक्षित रोपवे परियोजना को लेकर अहम कदम उठाया। अपनी पत्नी के साथ पहुंचे अदाणी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और समाज की समृद्धि की कामना की।
जानकारी के अनुसार अदाणी सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे और वहां से निजी हेलिकॉप्टर के जरिए केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए। धाम पहुंचने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में कुछ समय व्यतीत किया और श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। वीआईपी दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
दर्शन के साथ-साथ इस दौरे का मुख्य उद्देश्य सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे करना भी रहा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का जिम्मा अदाणी समूह को सौंपा गया है। रोपवे बनने से केदारनाथ धाम तक पहुंचना पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम और तेज हो जाएगा, खासकर बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए यह परियोजना बेहद लाभकारी मानी जा रही है।
रोपवे परियोजना को चारधाम यात्रा के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। वर्तमान में केदारनाथ तक पहुंचने के लिए लंबी पैदल यात्रा या हेलिकॉप्टर सेवा का सहारा लेना पड़ता है, लेकिन रोपवे बनने के बाद यात्रा समय में भारी कमी आएगी और अधिक संख्या में श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकेंगे।
राज्य सरकार और निजी क्षेत्र की भागीदारी से इस तरह की परियोजनाएं उत्तराखंड में पर्यटन और धार्मिक यात्रा को नई दिशा दे रही हैं। अदाणी के इस दौरे को भी इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में केदारनाथ धाम की कनेक्टिविटी और सुविधाएं और बेहतर होने की उम्मीद है।




