
देहरादून: उत्तराखंड में हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद अब सरकार ने संगठन और प्रशासनिक स्तर पर दायित्वों का बंटवारा शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को धामी सरकार ने 14 वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न आयोगों, परिषदों और सलाहकार समितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए आदेश जारी किए। यह आदेश गृह एवं गोपन विभाग के सचिव शैलेश बगौली की ओर से जारी किया गया।
सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, देहरादून निवासी कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में स्थान दिया गया है, वहीं टिहरी के विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद में शामिल किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में देहरादून की चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद में स्थान दिया गया है, जबकि चमोली के प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग में जिम्मेदारी मिली है। टिहरी के खेमसिंह चौहान को ओबीसी कल्याण परिषद में नियुक्त किया गया है और टिहरी की ही सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में शामिल किया गया है। अल्मोड़ा के गोविंद पिलखवात को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद में जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही देहरादून के बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग में और काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष बनाया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त दायित्वधारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी।




