
मोतिहारी ( बिहार) केसरिया थाना क्षेत्र के लोहरगांवां गांव में मंगलवार को एक अत्यंत दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पोखर में डूबने से एक ही पड़ोस के छह बच्चों की मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही केसरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। बच्चे खेत में खाना देने के लिए तालाब किनारे गए थे।
बच्चे से मिली जानकारी के अनुसार लोहरगांवां गांव के मलाहटोली वार्ड नंबर 4 के छह बच्चे दिन में अपने परिजनों को खेत में खाना देने के लिए तालाब किनारे गए थे। खाना देने के बाद सभी बच्चे लोहरगांवा चंवर में बने तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक-एक कर सभी बच्चे डूब गए।
बताया गया है कि काफी देर तक जब बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बच्चों की खोजबीन में जुट गए। तलाश करने के बाद जब आसपास के पोखर और गड्ढों में देखा गया तो वहां पानी में बच्चों के शव दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।






