
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। विशेष रूप से तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना अधिक बताई गई है।
हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 25 और 26 फरवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। इसके बाद मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
सोमवार को दून घाटी में दिनभर बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर चला। इसके बावजूद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज नहीं की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यही स्थिति प्रदेश के अन्य मैदानी इलाकों में भी देखने को मिली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित बारिश और बर्फबारी से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
फरवरी के अंतिम सप्ताह में मौसम के इस बदलाव से जहां एक ओर किसानों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों की नजरें टिकी हैं, वहीं आमजन भी तापमान में संभावित उतार-चढ़ाव को लेकर सतर्क हैं।





