
अल्मोड़ा। पारस्परिक स्थानांतरण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
उत्तरांचल लोक निर्माण विभाग मिनिस्टीरियल एसोसिएशन के आह्वान पर प्रांतीय और निर्माण खंड के कर्मचारी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे लंबे समय से पारस्परिक स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। कर्मचारियों ने कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मातवर सिंह बर्तवाल, टीका सिंह खोलिया, नंद किशोर खुल्बे, भीम सिंह, शंकर सिंह नायक, रमेश सिंह मेहरा, विक्रम सिंह रूहेला, राम चंद्र पांडे, दयानंद प्रधान, धीरेंद्र सिंह, दीपक आर्या, गोपाल दत्त भट्ट और दिनेश चंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




