
देहरादून। नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर करारी चोट करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली उत्तराखंड एसटीएफ की टीम को विशिष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर अपराध पर निर्णायक कार्रवाई के लिए दिया जा रहा है।
पिछले वर्ष एसटीएफ ने एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया था, जो बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण और वितरण कर रहा था। इस गिरोह का संचालन राजस्थान निवासी एक व्यक्ति कर रहा था। कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने गिरोह के कई सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया था, साथ ही नकली दवाएं बनाने वाली कई फैक्ट्रियों को भी सील किया गया था। छापेमारी में भारी मात्रा में नकली दवाएं, कच्चा माल, पैकेजिंग उपकरण और मशीनरी बरामद की गई थी।
इस सफल अभियान ने न केवल एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त किया, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य को गंभीर खतरे से भी बचाया। इसी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए STF की टीम को राज्यपाल पदक प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा और विशिष्ट कार्यों के लिए 137 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक (डीजी) प्रशस्ति पदक भी दिए जाएंगे। इनमें वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों से लेकर इंस्पेक्टर, उप निरीक्षक, एएसआई, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और अग्निशमन सेवा के कर्मी शामिल हैं।
राज्यपाल पदक प्राप्त करने वाली STF टीम में इंस्पेक्टर यशपाल सिंह बिष्ट, एसआई नरोत्तम बिष्ट, एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह मर्तोलिया, हेड कांस्टेबल सुनील रावत और कांस्टेबल देवेंद्र कुमार शामिल हैं। डीजी प्रशस्ति पदकों में गोल्ड और सिल्वर श्रेणी के अंतर्गत सेवा के आधार पर तथा विशिष्ट कार्यों के लिए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें एसटीएफ, जिला पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य इकाइयों के कर्मी शामिल हैं, जिन्होंने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि संगठित अपराध, नशा, नकली दवाओं और अन्य गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस बल को और अधिक प्रेरित करेगा। राज्य सरकार और पुलिस नेतृत्व ने सभी सम्मानित कर्मियों को उनके समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए बधाई दी है।




