
देहरादून। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई हल्की बारिश और बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों ने अब गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आज के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि देहरादून और अन्य मैदानी जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा या कुहासा छा सकता है।
विभाग के अनुसार, देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन सुबह हल्के कोहरे की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी और ठंड में इजाफा होगा।
राजधानी में ठंड ने इस वर्ष थोड़ा विलंब से दस्तक दी है, लेकिन अब तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। पिछले सात दिनों में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। तीस अक्तूबर को जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस था, वहीं बुधवार को यह घटकर 28.1 डिग्री रह गया। न्यूनतम तापमान में भी लगातार कमी दर्ज की जा रही है।
मौसम में आए इस बदलाव से सुबह और देर शाम के समय सड़कों पर कोहरे की हल्की परत देखी जा रही है। लोग अब अलाव और गर्म पेय पदार्थों का सहारा लेकर सर्दी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना से इनकार किया है, लेकिन आने वाले हफ्तों में ठंड का असर और तेज होने की चेतावनी दी है।




