
नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को नैनीताल जनपद स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दरबार में पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। राष्ट्रपति ने करीब आधे घंटे तक मंदिर परिसर में रुककर ध्यान लगाया और बाबा से आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त किया।
कैंची मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनकी आध्यात्मिक साधना और देशभर में फैले उनके भक्त समुदाय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने बाबा के समाधि स्थल पर फूल चढ़ाए और मंदिर में स्थित अन्य देवालयों में भी पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में कड़ी व्यवस्था की गई थी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। अनेक भक्तों ने राष्ट्रपति के साथ बाबा के दरबार में शामिल होने को सौभाग्य का क्षण बताया। राष्ट्रपति मुर्मू इसके बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुईं।




