
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा लोगों की सुबहें ठंडी और सुस्त बना सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, चार नवंबर को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। बर्फबारी और वर्षा के कारण पर्वतीय जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे शीतलहर का असर और बढ़ेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी मार्गों पर फिसलन बढ़ सकती है, ऐसे में यात्रियों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं का प्रभाव तेज रहेगा। वहीं दूसरी ओर, हरिद्वार और देहरादून जैसे मैदानी जिलों में कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है और तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि चार और पांच नवंबर को मौसम में हलचल बनी रहेगी, लेकिन छह से आठ नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम के सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद ठंड में धीरे-धीरे वृद्धि होने की उम्मीद है।
प्रदेश में हो रही शुरुआती बर्फबारी से पर्यटक स्थलों जैसे औली, हर्षिल, मुनस्यारी और धारचूला के इलाकों में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। वहीं स्थानीय लोगों ने ऊनी कपड़ों और हीटरों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।




