
देहरादून | देहरादून में प्रस्तावित राष्ट्रपति दौरे की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। संभावना है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति निकेतन परिसर में हॉर्स राइडिंग एरिना और फुटओवर ब्रिज का लोकार्पण करेंगी। सोमवार को राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
बैठक में डीएम सविन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एसएसपी अजय सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डॉ. गुप्ता ने राष्ट्रपति उद्यान और अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति निकेतन के सामने करीब 132 एकड़ भूमि पर बन रहा राष्ट्रपति उद्यान प्रदेश का एक प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है। इसमें थीम आधारित फूलों और वनस्पतियों के बाग, तितली गृह, पक्षीशाला और सुरम्य झील का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा, इसमें देश का दूसरा सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ, पैदल और साइकिल ट्रैक, सार्वजनिक पुस्तकालय, फूड प्लाज़ा और 800 से अधिक लोगों की क्षमता वाला मुक्ताकाशी रंगमंच भी शामिल होगा। उद्यान को संस्कृति, जनसहभागिता और नागरिक गौरव के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
हॉर्स राइडिंग एरिना इस पूरे परिसर का नया आकर्षण होगा। यह वही स्थान है, जहां राष्ट्रपति के अंगरक्षकों — प्रेजिडेंट्स बॉडीगार्ड (PBG) — के घोड़े रखे जाते हैं। ऐतिहासिक रूप से यह स्थल 1838 में गवर्नर जनरल के अंगरक्षकों के ग्रीष्मकालीन शिविर के रूप में स्थापित किया गया था। अब इसे आम जनता के लिए भी खोला जाएगा, ताकि लोग राष्ट्रपति के अंगरक्षकों के घोड़ों की सवारी और देखभाल की प्रक्रिया को नजदीक से देख सकें। इसके लिए नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन से छह घोड़े लाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही पर्वतीय वास्तुशैली पर आधारित एक फुटओवर ब्रिज भी परिसर में तैयार किया गया है। 32 मीटर लंबा और चार मीटर चौड़ा यह पुल मात्र छह माह में बनकर तैयार हुआ है। राष्ट्रपति सचिवालय के जनसंपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दौरे के दौरान इन दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण कर सकती हैं। गौरतलब है कि यह अवसर उत्तराखंड विधानसभा के इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह दूसरी बार होगा जब किसी विशेष सत्र में राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इससे पहले 20 जून को राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का लोकार्पण किया था। तब से अब तक राष्ट्रपति निकेतन में 4,753 और राष्ट्रपति तपोवन में 15,567 लोग भ्रमण कर चुके हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि निर्माणाधीन राष्ट्रपति उद्यान में प्रतिवर्ष करीब 20 लाख पर्यटक पहुंच सकते हैं, जिससे राज्य की पर्यटन गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।






