
चंडीगढ़ में एक असामान्य और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब यूटी पुलिस और पंजाब पुलिस के जवान आमने-सामने खड़े हो गए और पिस्टल तक निकाल ली गई। मामला इतना गंभीर हो गया कि दोनों ओर से पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे पर बंदूक तान दी।
मामला क्या है?
जानकारी के अनुसार, पंजाब पुलिस किसी आरोपी को पकड़ने चंडीगढ़ पहुंची थी। आरोपी नवनीत चतुर्वेदी पर आरोप था कि उसने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन में फर्जीवाड़ा किया था। आम आदमी पार्टी के कई विधायकों ने आरोप लगाया कि राजस्थान के इस व्यक्ति ने उनके जाली हस्ताक्षर के जरिए नामांकन दाखिल किया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पंजाब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने चंडीगढ़ पहुंची। लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपी को सुरक्षा प्रदान की हुई थी, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई। घटना सुखना लेक के पास हुई।
दोनों पुलिस बल आमने-सामने
सूत्रों के मुताबिक, लगभग 30 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, जिसमें पंजाब पुलिस का एसपी भी शामिल था। आरोपी नवीन चतुर्वेदी के साथ चंडीगढ़ पुलिस के सुरक्षा कर्मी थे। इस तनावपूर्ण स्थिति में दोनों ओर से पिस्टल निकाली गई और जवान आमने-सामने खड़े रहे।
चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरजीत कौर भी मौके पर पहुंची और सुनिश्चित किया कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी। इसके बाद आरोपी को चंडीगढ़ पुलिस ने अपनी गाड़ी में बिठाकर सेक्टर-3 पुलिस थाने ले जाया, जहां वह फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस के संरक्षण में है। गेट बंद कर दिए गए हैं और पंजाब पुलिस थाने के बाहर खड़ी है।
आरोपी के खिलाफ दर्ज केस
सूत्रों ने बताया कि नवीन चतुर्वेदी के खिलाफ पंजाब में कई अलग-अलग मामले दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए UT और पंजाब पुलिस के बीच तकरार की स्थिति बनी।