
मथुरा, उत्तर प्रदेश | मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज़ रफ्तार गाड़ी सड़क पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान धर्मवीर (पुत्र जवर सिंह), रोहित और आर्यन (दोनों पुत्र धर्मवीर), दलवीर उर्फ छुल्ले, और पारस सिंह तोमर (पुत्र विश्वनाथ सिंह) के रूप में हुई है। धर्मवीर, रोहित और आर्यन मूलतः ग्राम हरलालपुरा, थाना बासोनी, आगरा के निवासी थे, जबकि दलवीर और पारस सिंह ग्राम बढ़पुरा हुसैद, थाना महोबा, मध्य प्रदेश से थे।
घटना की पुष्टि करते हुए क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार राय और थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि वाहन की ट्रक से सीधी टक्कर हुई थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।