
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक युवक ने ससुराल में फंदे पर लटककर जान दे दी। युवक को फंदे पर लटका देखकर परिवार वालों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करके जानकारी जुटाई। घरवालों से बात करके जानकारी ली।
जसराना थाना क्षेत्र के पाढ़म कस्बा निवासी पप्पू (45) की ससुराल थाना क्षेत्र के गांव दिनौली गोरवा में हैं। छह बच्चों के पिता पप्पू का आए दिन अपनी पत्नी के साथ विवाद होता रहता था। कुछ दिन पूर्व उसकी पत्नी अपने मायके बच्चों को लेकर चली गई। दो दिन पूर्व ही पत्नी को बुलाने पप्पू अपनी ससुराल गया था।
मंगलवार सुबह कमरे में लगे कुंडे पर बने फंदे पर उसका शव लटका मिला। पप्पू के शव को लटका देख परिवार में चीख पुकार मच गई। चीख पुकार मचने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना जसराना से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पूरे मामले की छानबीन की।
परिजन ने बताया कि पप्पू का पत्नी के साथ विवाद रहता था। वह दो दिन पूर्व ही अपनी ससुराल आया था। क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार ने बताया पति एवं पत्नी में आपस में विवाद चल रहा था। दो दिन पूर्व वह अपनी ससुराल आया था। मंगलवार की सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला है। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है।