
देहरादून। उत्तराखंड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार टैबलेट वितरण योजना को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश के राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 1.15 लाख छात्र-छात्राओं को जल्द टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, वर्चुअल कक्षाओं और परीक्षा की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस योजना के लिए बजट व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया है। योजना के तहत प्रत्येक टैबलेट की अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये निर्धारित की गई है। टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को विद्यालय की पढ़ाई के साथ ऑनलाइन माध्यम से अतिरिक्त अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ शिक्षकों की कक्षाओं तक पहुंच बनाने में सुविधा होगी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
इस योजना का लाभ प्रदेश के कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा। आंकड़ों के अनुसार, राजकीय विद्यालयों के 1,03,700 और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के 11,300 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें हाईस्कूल के 58,500 तथा इंटरमीडिएट के 56,500 विद्यार्थी शामिल हैं।
राजकीय विद्यालयों में टैबलेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। यहां हाईस्कूल के 53,800 और इंटरमीडिएट के 49,900 छात्र-छात्राओं को इस योजना में शामिल किया गया है। वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में हाईस्कूल के 4,700 और इंटरमीडिएट के 6,600 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
वित्तीय स्तर पर राजकीय विद्यालयों के लिए टैबलेट खरीदने को 207.40 करोड़ रुपये और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 22.60 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित बताया गया है। इस प्रकार दोनों श्रेणियों के विद्यालयों के विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद यानी एससीईआरटी की ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन कोचिंग में गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञ शिक्षक प्रतिदिन एक से दो घंटे तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर विद्यार्थियों की विषयगत कमजोरियों को दूर करने में मदद करेंगे। इससे बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों को पढ़ाई दोहराने, प्रश्नों का अभ्यास करने और कठिन विषयों को समझने का अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार, विभागीय अधिकारियों को विद्यार्थियों तक निश्शुल्क टैबलेट शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि डिजिटल संसाधनों के उपयोग से छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम के अध्ययन और ऑनलाइन शिक्षण गतिविधियों में सुविधा मिलेगी।
हालांकि, इस योजना का वास्तविक लाभ तभी व्यापक रूप से विद्यार्थियों तक पहुंच पाएगा, जब टैबलेट समय पर वितरित होने के साथ उनमें उपयोगी अध्ययन सामग्री, इंटरनेट सुविधा और नियमित ऑनलाइन कक्षाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। इससे प्रदेश के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी में अतिरिक्त सहयोग मिल सकता है।





