
देहरादून। मसूरी में रविवार रात सिविल अस्पताल मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा सिपलिंग एस्टेट के समीप हुआ, जहां वाहन की टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब सवा दस बजे कोतवाली मसूरी को आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सतीश नामक व्यक्ति को उसके परिचित ने मार दिया है और आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, उम्र 28 वर्ष, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आईटीएम, लण्डौर, मसूरी के साथ वाहन में सवार होकर कहीं से लौट रहा था। सरजीत महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या UK07 CD 2926 चला रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों शराब के नशे में थे। रविवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच वे सिविल अस्पताल और सिपलिंग एस्टेट के आसपास पहुंचे, जहां किसी अन्य व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर उनकी बहस होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पैदल वाहन के पीछे की ओर गए और कुछ समय बाद वापस लौटे।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
बताया गया कि इसके बाद वाहन चालक सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और कुछ समय पश्चात वापस आया। लौटते समय वाहन तेज गति में था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सतीश को वाहन का किनारा लगने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर लगने से सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को लण्डौर कम्युनिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और संबंधित परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले में विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। वाहन की गति, चालक की भूमिका, घटना से पहले हुए विवाद और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





