
देहरादून। तेजी से बढ़ते शहरीकरण, कंक्रीट की इमारतों, सड़कों और सीमित हरित क्षेत्रों के कारण शहरों में गर्मी का प्रभाव लगातार गंभीर होता जा रहा है। गर्मियों में कई शहर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में अधिक तापमान दर्ज करते हैं, जिसे शहरी हीट आइलैंड प्रभाव कहा जाता है। इस समस्या से राहत दिलाने के लिए वैज्ञानिकों ने सुपर कूल ब्रॉडबैंड सामग्री पर शोध किया है, जिसके परिणाम शहरों के तापमान को उल्लेखनीय रूप से कम करने की संभावना दिखाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय शोध के अनुसार, विशेष प्रकार की सुपर कूल सामग्री का इस्तेमाल भवनों और सड़क जैसी सतहों पर किए जाने से सतह का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। इसके अलावा आसपास की हवा का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस और शहर के औसत तापमान में लगभग 2.9 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान सामने आया है। यह तकनीक भविष्य में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के प्रभाव को कम करने के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
कई देशों के वैज्ञानिकों ने मिलकर किया अध्ययन
इस शोध में इसरो के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (आईआईआरएस), देहरादून, लालबाबा कॉलेज (कोलकाता विश्वविद्यालय) और जादवपुर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के साथ अमेरिका, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और बेल्जियम के शोधकर्ताओं ने सहयोग किया। अध्ययन में शहरी क्षेत्रों में गर्मी के बढ़ते प्रभाव और ऐसी सामग्री के उपयोग की संभावनाओं का विश्लेषण किया गया, जो सूर्य की ऊर्जा को अधिक मात्रा में वापस परावर्तित कर सके और सतहों से ऊष्मा को बाहर निकाल सके।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
शहरों में कंक्रीट, डामर, भवनों की छतें और अन्य निर्माण सामग्री दिनभर सूर्य की ऊर्जा अवशोषित करती हैं। बाद में यही सतहें गर्मी छोड़ती रहती हैं, जिससे वातावरण का तापमान बढ़ता है और रात के समय भी शहरों में गर्मी बनी रहती है। सुपर कूल सामग्री इस प्रक्रिया को कम करने की दिशा में काम करती है।
कैसे काम करती है सुपर कूल तकनीक?
सुपर कूल ब्रॉडबैंड सामग्री एक विशेष प्रकार की कोटिंग या पेंट की तरह इस्तेमाल की जा सकती है। इसकी संरचना सूर्य के प्रकाश को अधिक मात्रा में परावर्तित करने के लिए तैयार की जाती है, जिससे सतह कम ऊर्जा अवशोषित करती है। साथ ही यह सतहों से निकलने वाली ऊष्मा को अवरक्त विकिरण के रूप में वातावरण से बाहर और अंतरिक्ष की ओर उत्सर्जित करने में मदद करती है। इस प्रक्रिया को रेडिएटिव कूलिंग कहा जाता है।
इस तकनीक के इस्तेमाल से छतों, दीवारों और अन्य सतहों का तापमान कम रह सकता है। इससे भवनों के अंदर गर्मी का प्रवेश कम होने और एयर कंडीशनिंग पर निर्भरता घटने की संभावना भी है। बड़े पैमाने पर उपयोग किए जाने पर इसका असर आसपास के वातावरण के तापमान पर भी पड़ सकता है।
प्रयोग में तापमान और ऊर्जा में कमी के परिणाम
शोध के दौरान सतह का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस तक कम होने का परिणाम सामने आया। रिपोर्ट के अनुसार, छत का तापमान लगभग 34.8 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रहा। आसपास की हवा में 3.2 डिग्री और शहर के औसत तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस तक कमी का अनुमान लगाया गया।
इसके अलावा, जमीन से हवा में जाने वाली गर्मी में लगभग 45 प्रतिशत कमी और सतह की ओर अवशोषित ऊर्जा में 276 वाट प्रति वर्ग मीटर तक कमी दर्ज की गई। ये परिणाम शहरी क्षेत्रों में गर्मी कम करने के लिए ऐसी तकनीक की संभावनाओं को रेखांकित करते हैं।
किन पदार्थों से तैयार होती है कोटिंग?
इस सुपर कूल सामग्री को तैयार करने में विभिन्न पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें बोरियम सल्फेट के सूक्ष्म नैनो कण शामिल हैं, जिनकी सूर्य के प्रकाश को परावर्तित करने की क्षमता अधिक बताई गई है। शोध में इसकी सौर परावर्तन क्षमता 98 प्रतिशत तक पाई गई।
इसके अलावा छिद्रयुक्त पॉलिमर सूर्य की किरणों को अलग-अलग दिशाओं में बिखेरने और ऊष्मा उत्सर्जन में सहायता करते हैं। कांच के बेहद छोटे गोलों वाले पॉलिमर भी प्रकाश को परावर्तित करने में मदद करते हैं। इन सामग्रियों का संयोजन सतहों को गर्म होने से बचाने और ऊष्मा को बाहर निकालने में सहायक हो सकता है।
शहरों में बढ़ती गर्मी के बीच यह तकनीक भविष्य के भवन निर्माण, सड़क विकास और शहरी नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि बड़े पैमाने पर इस्तेमाल, लागत, टिकाऊपन और अलग-अलग मौसमों में इसकी प्रभावशीलता का आकलन इसके व्यावहारिक उपयोग को तय करेगा।





