
देहरादून। दीपावली का त्योहार एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। दोस्तों के साथ दीपावली की खुशियां मनाने घर से निकले कक्षा 10 के 15 वर्षीय छात्र अर्श अंसारी की कथित तौर पर उसके ही साथियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित छात्र का शव दून अस्पताल की मोर्चरी में छोड़कर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार सहस्रधारा रोड स्थित केवल विहार निवासी नदीम अंसारी का बेटा अर्श एक स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। दीपावली के अवसर पर उसके दोस्तों ने उसे नेहरू कॉलोनी स्थित एक घर पर बुलाया था। त्योहार की रात अर्श अपने साथियों के साथ जश्न मनाने पहुंचा था।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
बताया गया कि रात में परिजनों ने जब अर्श को फोन किया तो उसने बताया कि वह दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद पटाखे जला रहा है। इसके बाद परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में उनके साथ इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी।
आरोप है कि बाद में अर्श के साथी उसे सूरी चौक की ओर ले गए। वहां कार का दरवाजा बंद करते समय एक युवक के पैर में चोट लगने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और अर्श के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
घटना के बाद आरोपी छात्र को दून अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका शव मोर्चरी में छोड़कर फरार हो गए। सोमवार सुबह परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में मातम छा गया।
पंचायतनामा की कार्रवाई के दौरान अर्श के शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए। मामले में मृतक के पिता नदीम अंसारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं के अनुसार पिता की शिकायत के आधार पर एक किशोर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद से लेकर छात्र की मौत तक की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार पर सामने आई इस घटना ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी है। मामूली विवाद में एक किशोर की जान जाने का मामला बच्चों और किशोरों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।





