
रुद्रप्रयाग। जिले के प्रसिद्ध तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम एक हादसा हो गया। गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आपदा राहत एवं बचाव दलों को मौके के लिए रवाना किया गया। महिला की तलाश में रातभर सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा और खाई की गहराई अधिक होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के पास महिला के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना प्राप्त होते ही राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।
कई टीमों ने रातभर चलाया सर्च अभियान
हादसे की सूचना के बाद एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। टीमों ने ट्रेक के आसपास के दुर्गम और खड़ी ढलान वाले क्षेत्रों में महिला की तलाश की।
खाई काफी गहरी होने के कारण रेस्क्यू टीमों को अभियान के दौरान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। टीमों ने देर रात तक संभावित स्थानों पर खोजबीन जारी रखी। रोशनी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बीच करीब रात 12:30 बजे अभियान रोकना पड़ा।
सुबह फिर शुरू हुआ अभियान
रात में अभियान रोकने के बाद सोमवार सुबह एक बार फिर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल अब खाई और उसके आसपास के संभावित स्थानों पर महिला की तलाश कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। रेस्क्यू टीमों की ओर से तलाश जारी है और अभियान के दौरान मिलने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तुंगनाथ क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद दुर्गम हैं और कई स्थानों पर गहरी खाइयां एवं कठिन चढ़ाई है। ऐसे में रेस्क्यू टीमों को भी बेहद सावधानी के साथ अभियान संचालित करना पड़ रहा है।






