
कांगो की राजधानी किंशासा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। वहां एक शादी समारोह के दौरान लगी भीषण आग ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया।
इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 22 लोगों की जलकर मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई की हालत गंभीर है।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) के अनुसार, यह भीषण आग शुक्रवार देर रात उत्तरी किंशासा के लिंगवाला इलाके की इमारत में लगी।
आग इतनी तेजी से फैली कि शनिवार तड़के तक इमारत से लपटें उठती रहीं।
शादी में शामिल हुए मेहमानों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन इमारत के गलियारे बेहद संकरे होने के कारण लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए।
लिंगवाला के मेयर नॉर्बर्ट मुशिंगा ने कांगोलेस प्रेस एजेंसी को बताया कि वर्तमान में मृतकों की संख्या 22 है। हालांकि, कई घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
शनिवार सुबह घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे कांगो के उपप्रधानमंत्री और आंतरिक मंत्री जैक्वेमिन शबानी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।







