
डोईवाला। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लच्छीवाला स्थित माता मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार हरियाणा नंबर की कार के सड़क किनारे खड़े यूटिलिटी वाहन से टकराने के कारण हुआ। प्रारंभिक जांच में कार चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा से सात लोग मंगलवार को हरिद्वार घूमने आए थे। बुधवार सुबह वे देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए और इसके बाद हरिद्वार होते हुए वापस हरियाणा लौट रहे थे। करीब 10:30 बजे लच्छीवाला के पास जंगल क्षेत्र में कार चालक सोमपाल को नींद आने लगी। साथ बैठे लोगों ने उसे कई बार सावधान भी किया, लेकिन इससे पहले कि वह वाहन संभाल पाता, कार सड़क किनारे खड़े यूटिलिटी वाहन से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर डोईवाला सीएचसी, कैलाश अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में नरेश (42), विनोद (40) और सोमपाल शामिल हैं। वहीं घायल विपेंद्र सिंह (35) और लाला (35) का उपचार चल रहा है। एक मृतक और एक घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। मौके पर कार के एयरबैग खुले मिले, जबकि टक्कर के बाद यूटिलिटी वाहन करीब 25 से 30 मीटर दूर जाकर डिवाइडर से टकरा गया। पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की।




