
चमोली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से चमोली जिले में 6 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। संभावित आपदा और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शिक्षण संस्थान 6 अगस्त को बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा, ताकि खराब मौसम के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मौसम विभाग ने जिले के कई हिस्सों में अत्यधिक वर्षा, तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने, जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में जोखिम बढ़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अवकाश संबंधी आदेश का सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।




