
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों को निर्णायक चरण में पहुंचा दिया है। इसी क्रम में बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय संगठन से जुड़े पदाधिकारी भाग लेंगे। इस बैठक में आगामी चुनाव के लिए संगठन की रणनीति, जनसंपर्क अभियान, बूथ प्रबंधन और चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा होगी।
भाजपा पहले से ही प्रदेशभर में चुनावी तैयारियों को कई स्तरों पर आगे बढ़ा रही है। अब दिल्ली में होने वाली यह बैठक आगामी महीनों के लिए पार्टी की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने का मंच मानी जा रही है। पार्टी का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाना, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां स्पष्ट करना तथा चुनावी अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना है।
बैठक के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी। पार्टी विस्तारक योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी कर रही है, ताकि प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक बूथ तक संगठन की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा ही चुनावी सफलता का आधार बनेगा।
भाजपा ने जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की तैयारियां भी पहले ही शुरू कर दी हैं। पार्टी के पांचों लोकसभा सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों, जनसंपर्क अभियान, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर रहेगा।
युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा का युवा संवाद अभियान भी लगातार जारी है। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं से सीधे संवाद स्थापित करने, उनकी भागीदारी बढ़ाने और उन्हें पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति पर बिंदुवार चर्चा की जाएगी। बैठक में लिए गए निर्णयों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बाद में अलग-अलग स्तर पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय और चुनावी दृष्टि से तैयार करना है।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होने के साथ भाजपा संगठन अब बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने, जनप्रतिनिधियों के समन्वय को बढ़ाने और विभिन्न अभियान चलाकर चुनावी माहौल बनाने की दिशा में लगातार सक्रिय दिखाई दे रही है। आने वाले समय में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है।




