
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की ओर से संचालित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य अवर अधीनस्थ सेवा (लोअर पीसीएस)-2024 भर्ती प्रक्रिया की धीमी गति को लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। आयोग द्वारा जारी साक्षात्कार कार्यक्रम और सीमित संख्या में अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान गति से भर्ती पूरी होने में काफी समय लगेगा, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होगा।
आयोग ने पहले चरण में 413 पात्र अभ्यर्थियों में से केवल 328 उम्मीदवारों को ही साक्षात्कार के लिए बुलाया है। शेष अभ्यर्थियों को कब बुलाया जाएगा, इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। इसी कारण अभ्यर्थियों का अनुमान है कि यदि प्रक्रिया इसी रफ्तार से चलती रही तो भर्ती वर्ष 2027 तक खिंच सकती है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार जुलाई माह में केवल 27, 28 और 29 जुलाई को ही साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग में हाल ही में नए अध्यक्ष और नए सदस्यों की नियुक्ति के बाद सदस्यों की संख्या बढ़कर पांच हो चुकी है। ऐसे में आयोग चार अलग-अलग इंटरव्यू बोर्ड बनाकर प्रतिदिन अधिक संख्या में साक्षात्कार आयोजित कर सकता है। उनका दावा है कि यदि चार बोर्ड एक साथ कार्य करें तो पूरी इंटरव्यू प्रक्रिया महज आठ से दस दिनों में पूरी की जा सकती है।
अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी आपत्ति जताई है। विशेष रूप से उपकारापाल और आबकारी निरीक्षक जैसे पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) अलग तिथि पर कराने का विरोध किया जा रहा है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले उम्मीदवारों का कहना है कि उन्हें बार-बार हरिद्वार आना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का अतिरिक्त बोझ पड़ता है।
युवाओं ने सुझाव दिया है कि अपर पीसीएस-2024 की तर्ज पर इंटरव्यू के अगले ही दिन संबंधित पदों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को बार-बार यात्रा न करनी पड़े और भर्ती प्रक्रिया भी तेजी से पूरी हो सके।
इस संबंध में अभ्यर्थियों ने आयोग के अध्यक्ष और सचिव को ज्ञापन भेजकर मांग की है कि इंटरव्यू बोर्ड की संख्या बढ़ाई जाए, अगस्त माह के भीतर सभी साक्षात्कार पूरे किए जाएं और अंतिम परिणाम जल्द घोषित किया जाए। उनका कहना है कि समय पर भर्ती पूरी होने से विभागों में रिक्त पद भी शीघ्र भर सकेंगे और युवाओं को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।
वहीं, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग का कहना है कि जिन अभ्यर्थियों को अभी साक्षात्कार के लिए नहीं बुलाया गया है, उन्हें दस्तावेजों की स्क्रूटनी पूरी होने के बाद अगले चरण में इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया जाएगा। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि भर्ती प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है और सभी पात्र अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा।




