
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने लोअर पीसीएस-2024 भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने वाले पात्र अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 27 जुलाई से शुरू होंगे। पहले चरण में 328 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 27 जुलाई से 3 सितंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि लोअर पीसीएस-2024 की मुख्य परीक्षा पिछले वर्ष 13 और 14 सितंबर को आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 27 मार्च 2026 को घोषित किया गया, जिसमें 406 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इसके बाद 18 से 21 मई के बीच अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई।
दस्तावेजों के सत्यापन के बाद 406 में से 328 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए पात्र पाए गए हैं। इनके इंटरव्यू निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। वहीं, जिन अभ्यर्थियों के अभिलेखों की स्क्रूटनी अभी जारी है, उनकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अलग से साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। इंटरव्यू के समय हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, स्नातक एवं परास्नातक की डिग्री और अंकतालिका (यदि लागू हो), आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, पर्वतीय क्षेत्र का प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), पूर्व सैनिकों के लिए डिस्चार्ज प्रमाणपत्र, सरकारी सेवा में कार्यरत अभ्यर्थियों के लिए अनापत्ति अथवा सेवा नियोजक का प्रमाणपत्र, नाम संबंधी विसंगति होने पर स्वघोषणा पत्र तथा पहचान के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ दो पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो भी साथ लाने होंगे।
आयोग ने साक्षात्कार से पहले निर्धारित शुल्क जमा कराने के भी निर्देश दिए हैं। सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों को 80 रुपये तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 30 रुपये शुल्क आयोग कार्यालय में जमा करना होगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से साक्षात्कार स्थल पर पहुंचें। साक्षात्कार कार्यक्रम और अन्य आवश्यक निर्देश आयोग की आधिकारिक सूचना के अनुसार लागू होंगे।




