
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने भर्ती परीक्षाओं के संचालन को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र खोजने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। एडमिट कार्ड पर दिए गए क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थी सीधे अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन तक पहुंच सकेंगे।
इसके साथ ही आयोग ने दोनों भर्ती आयोगों के लिए डिजिटल परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली (Exam Centre Management System) भी तैयार की है। इस पोर्टल के माध्यम से परीक्षा केंद्रों के चयन, पंजीकरण, प्रबंधन और समन्वय की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। फिलहाल राज्यभर के 200 परीक्षा केंद्रों का इस प्रणाली में पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि अन्य केंद्रों को भी चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जा रहा है।
एक बार पंजीकरण, हर परीक्षा में सुविधा
नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों का केवल एक बार पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक नई परीक्षा के लिए केंद्रों का अलग-अलग पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। आयोग आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध परीक्षा केंद्रों का चयन सीधे पोर्टल से कर सकेगा।
परीक्षा केंद्रों का वर्गीकरण उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा। इससे संवेदनशील और बड़ी परीक्षाओं के लिए उपयुक्त केंद्रों का चयन अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से किया जा सकेगा।
QR कोड से मिलेगी सीधी लोकेशन
नई प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड पर एक QR कोड दिया जाएगा। इस कोड को मोबाइल फोन से स्कैन करते ही संबंधित परीक्षा केंद्र की डिजिटल लोकेशन खुल जाएगी। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा वाले दिन केंद्र खोजने में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
एसएमएस और ई-मेल से मिलेंगी सभी सूचनाएं
परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली में परीक्षा केंद्रों को भी डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पंजीकरण से लेकर परीक्षा संचालन और उपस्थिति भेजने तक प्रत्येक चरण की जानकारी केंद्रों को एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से स्वतः प्राप्त होगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी, रिकॉर्ड प्रबंधन और परीक्षा संचालन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगा।
प्रदेश के 200 परीक्षा केंद्र पोर्टल से जुड़े
आयोग के अनुसार वर्तमान में प्रदेशभर के 200 परीक्षा केंद्र डिजिटल प्रणाली में पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें:
- अल्मोड़ा – 2
- बागेश्वर – 9
- चमोली – 24
- चंपावत – 33
- देहरादून – 31
- हरिद्वार – 8
- नैनीताल – 17
- पौड़ी – 21
- पिथौरागढ़ – 6
- रुद्रप्रयाग – 13
- टिहरी – 1
- ऊधमसिंह नगर – 19
- उत्तरकाशी – 16
आयोग का कहना है कि आने वाले समय में और अधिक परीक्षा केंद्रों को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।
कागजी कार्रवाई होगी कम, पारदर्शिता बढ़ेगी
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि नई डिजिटल प्रणाली लागू होने से कागजी कार्रवाई में कमी आएगी, परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय बेहतर होगा और परीक्षा संचालन अधिक पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी बन सकेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के चयन और प्रबंधन में आयोग के समय और संसाधनों की भी बचत होगी। यह पहल राज्य की भर्ती परीक्षाओं को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




