
चंपावत: स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और शहरी विकास को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले को दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने जिला अस्पताल में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का विधिवत उद्घाटन किया, जिससे अब जिले और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी, रुद्रपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय, धन और आपातकालीन परिस्थितियों में होने वाली परेशानियों में उल्लेखनीय कमी आएगी।
एमआरआई मशीन के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को समय पर सटीक जांच और बेहतर उपचार मिल सकेगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मशीन के नियमित संचालन और बेहतर रखरखाव के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को निर्बाध सेवाएं मिलती रहें।
इसके बाद मुख्यमंत्री धामी रोडवेज स्टेशन परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रस्तावित सिटी सेंटर निर्माण परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। यह परियोजना चंपावत शहर के आधुनिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सिटी सेंटर बनने के बाद शहर में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित विकास की नीति पर काम कर रही है, जिसके तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सड़क, पेयजल और शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। सीमांत जिलों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है ताकि लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और पलायन की समस्या को भी कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि चंपावत को विकास के मॉडल जिले के रूप में आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ शहरी अवसंरचना के विकास से जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने भी दोनों परियोजनाओं के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन के शुरू होने से जहां गंभीर बीमारियों की जांच पहले की तुलना में अधिक तेजी और सटीकता से हो सकेगी, वहीं प्रस्तावित सिटी सेंटर भविष्य में चंपावत के व्यापार, पर्यटन और शहरी विकास का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा। इन दोनों परियोजनाओं को जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




