
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4.2 फ्लाईओवर के समीप टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण हुई। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में अहान (18 वर्ष), पुत्र शराफत, निवासी बढ़ापुर (नजीबाबाद) तथा फहीम (35 वर्ष), पुत्र अमानत की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं। हादसे में घायल लोगों में सोहने लाल (25 वर्ष), शराफत (42 वर्ष), शबाना (35 वर्ष), अनु (18 वर्ष) तथा समीम (42 वर्ष) शामिल हैं। इनमें अधिकांश उत्तर प्रदेश के बिजनौर और हरदोई जनपद के निवासी बताए गए हैं।
बताया गया कि मृतक अहान के माता-पिता शराफत और शबाना भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। परिवार पर अचानक आए इस दुखद हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित पक्ष के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा के मद्देनजर वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील भी की गई है।




