
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। चटक धूप, तपती हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान लोगों को झुलसा रहा है। राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को भी दून का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा, जिससे लोगों को दिनभर भीषण गर्मी और लू जैसे हालात का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रहा। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया और लोग घरों में रहने को मजबूर रहे।
गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शाम के समय भी लू जैसी गर्म हवाएं चलती रहीं। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इसके साथ ही मैदानी जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति बने रहने का अनुमान लगाया गया है। प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
चिकित्सकों ने भी लोगों को गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
हालांकि पर्वतीय जिलों के लिए मौसम विभाग ने कुछ राहत की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली चमकने के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में 31 मई तक हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इसके बावजूद मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन-चार दिन तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान और गर्म हवाएं लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।




