
देहरादून| मैढ़ सोनार समाज प्रगति महासभा, देहरादून की ओर से आर्य समाज धामावाला के सभागार में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सामाजिक सरोकार से जुड़े इस कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 25 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जबकि 68 लोगों के रक्त समूह की जांच भी की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सविता कपूर, राज्य मंत्री पुनीत मित्तल, विधायक प्रतिनिधि विशाल गुप्ता, यूथ रेडक्रॉस कमेटी के डॉ. अनिल वर्मा, मेजर प्रेमलता वर्मा तथा महासभा पदाधिकारियों द्वारा जय अजमीढ़ जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर नियमित रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। 155वीं बार रक्तदान करने वाले डॉ. अनिल वर्मा को “मैढ़ सोनार महासभा विशेष सम्मान” से विभूषित किया गया। इसके अलावा जितेन्द्र वर्मा को 53वीं बार, उनके पुत्र आश्रय वर्मा को दूसरी बार तथा श्रीमती गीता वर्मा को 19वीं बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता कपूर ने कहा कि रक्तदान समाज सेवा का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कम से कम तीन लोगों की जान बचाने में सहायक होता है। राज्य मंत्री पुनीत मित्तल ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में अभी तक रक्त का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए रक्तदान करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि विशाल गुप्ता ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने युवाओं से डॉ. अनिल वर्मा की सेवा भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
रक्तदाता प्रेरक डॉ. अनिल वर्मा ने रक्तदान से जुड़े अंधविश्वासों को दूर करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान करने से शरीर स्वस्थ रहता है और कई गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। उनके अनुसार नियमित रक्तदान से शरीर में नए ब्लड सेल्स बनते हैं, जिससे ऊर्जा और स्फूर्ति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से मोटापा नियंत्रित करने, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर संतुलित रखने में भी सहायता मिलती है।
महासभा अध्यक्ष शोभित वर्मा ने कहा कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है और रक्तदान उसका सर्वोत्तम उदाहरण है। महिला अध्यक्ष सविता वर्मा ने महिलाओं को भी स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संतुलित आहार के साथ आयरन और फॉलिक एसिड का सेवन कर अपना हीमोग्लोबिन स्तर बेहतर बनाए रखना चाहिए।
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ब्लड बैंक की टीम में डॉ. ईशा जांगड़ा, कृष्णा सुयाल, हरिशंकर, अमिता रावत, सोहालिया और धीर सिंह नेगी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। शिविर के सफल आयोजन में अनिल केशव, अंकित मल्होत्रा, योगाचार्य सुधीर वर्मा, अंकुर जैन, नवीन भट्ट, रजनी वर्मा, पद्मिनी वर्मा, गीता संजय वर्मा, आकाश वर्मा और आर्य समाज धामावाला के पदाधिकारियों ने सहयोग दिया।




