
देहरादून: उत्तराखंड सरकार मंगलवार को छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाने जा रही है। बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami सोमवार को छत्तीसगढ़ पहुंच गए। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस अहम बैठक में उत्तराखंड की विकास योजनाओं, आधारभूत ढांचे और सामरिक महत्व से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
राज्य सरकार की ओर से विशेष रूप से लंबित जलविद्युत परियोजनाओं की मंजूरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। उत्तराखंड में कई जलविद्युत परियोजनाएं विभिन्न स्तरों पर केंद्र की स्वीकृति का इंतजार कर रही हैं। राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि रोजगार और राजस्व में भी वृद्धि होगी। इसी कारण मुख्यमंत्री धामी बैठक में इन परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह करेंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत नई सड़कों की स्वीकृति का विषय भी शामिल रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार केंद्र से अतिरिक्त सहयोग चाहती है। इसके अलावा कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन और एकीकृत बाल विकास सेवा जैसी योजनाओं के बेहतर संचालन को लेकर भी प्रस्ताव रखे जाएंगे।
आपदा प्रबंधन उत्तराखंड के लिए सबसे संवेदनशील विषयों में से एक है। राज्य सरकार इस बैठक में पर्वतीय परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन के मानकों में विशेष छूट और अतिरिक्त सहायता की मांग करेगी। भूस्खलन, बादल फटना और अतिवृष्टि जैसी घटनाओं को देखते हुए राज्य सरकार केंद्र से अधिक सहयोग चाहती है ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्य तेजी से किए जा सकें।
मुख्यमंत्री धामी के छत्तीसगढ़ पहुंचने पर जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव आरके सुधांशु भी मौजूद रहेंगे। राज्य सरकार को उम्मीद है कि परिषद की बैठक में उत्तराखंड से जुड़े कई मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सकेगी।




