
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मई की शुरुआत जहां बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के साथ हुई थी, वहीं अब प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में आता दिखाई दे रहा है। मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों में राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। बढ़ती गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को एडवाइजरी जारी कर आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि आमजन को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने के लिए जागरूक किया जाए। साथ ही हीट वेव और गर्म हवाओं से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी जनित बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त दवाइयों, बेड और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया है ताकि लोगों को गर्मी के बीच अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा निर्माण स्थलों, फैक्ट्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी का असर न्यायालयों तक भी पहुंच गया है। देहरादून जिला न्यायालय में अधिवक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिना काला कोट पहने अदालत में पेश होने की अनुमति दी गई है। यह व्यवस्था मंगलवार 19 मई से लागू कर दी गई है।
बार एसोसिएशन देहरादून के पदाधिकारियों ने जिला जज से मुलाकात कर भीषण गर्मी के दौरान अधिवक्ताओं को कोट पहनने से छूट देने की मांग की थी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण अधिवक्ताओं को लंबे समय तक काला कोट पहनकर कार्य करने में गंभीर परेशानी हो रही थी।
मांग पर सहमति जताते हुए जिला जज ने अधिवक्ताओं को राहत प्रदान की। आदेश के अनुसार अब अधिवक्ता निर्धारित ड्रेस कोड के अन्य नियमों का पालन करते हुए बिना काला कोट पहने अदालत में उपस्थित हो सकेंगे। अधिवक्ताओं ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे मानवीय और व्यावहारिक कदम बताया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज हुआ। दिनभर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम दिखाई दी।
गर्मी का असर पर्वतीय क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 20 से 24 मई के बीच पर्वतीय जिलों में हल्के मौसम परिवर्तन के संकेत हैं। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है।




