
देहरादून: भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप ने दून में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि प्रशासन को पहली बार गर्मी के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार के लिए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग ने दिनभर तेज गर्मी और लू चलने की आशंका जताई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। आमतौर पर देहरादून में बारिश या कड़ाके की सर्दी के दौरान स्कूलों की छुट्टी की जाती रही है, लेकिन गर्मी के कारण ऐसा आदेश पहली बार जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि तापमान में लगातार वृद्धि और लू के खतरे को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं।
इसके साथ ही प्रशासन ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए प्याऊ और वाटर कूलर की नियमित जांच के निर्देश भी दिए हैं, ताकि आम लोगों को भीषण गर्मी के दौरान राहत मिल सके।
मौसम के इस बदलते स्वरूप ने दून की पारंपरिक जलवायु को प्रभावित किया है और यह संकेत दे रहा है कि आने वाले समय में गर्मी का प्रभाव और अधिक गंभीर हो सकता है। फिलहाल, प्रशासन और आमजन दोनों ही मौसम में बदलाव और संभावित राहत का इंतजार कर रहे हैं।





