
देहरादून: केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। विशाल मिश्रा ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए देर शाम केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
धाम पहुंचते ही जिलाधिकारी ने पिछले दो दिनों की यात्रा का फीडबैक लिया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से जमीनी स्थिति की जानकारी हासिल की। बैठक में यात्रा मजिस्ट्रेट, सेक्टर और सब-सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और सुलभ विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के आसपास ड्रोन उड़ाने पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार पर कड़ी नजर रखने और तत्काल कार्रवाई करने के लिए जिला सूचना विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और सुलभ सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत या समस्या की सूचना मिलने पर 10 मिनट के भीतर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा बदरी-केदार मंदिर समिति के कर्मचारियों को भी प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को शीघ्र और सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि केदारनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुचारू व्यवस्था का अनुभव मिल सके।




