
ऋषिकेश: गुमानीवाला स्थित लालपानी बीट में स्थापित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग प्लांट का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, जिससे शहर को लंबे समय से परेशान कर रहे कूड़े के पहाड़ से जल्द मुक्ति मिलने की उम्मीद जगी है। खासतौर पर गोविंद नगर क्षेत्र में जमा कचरे का निस्तारण अब वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकेगा, जिससे स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंगलवार को मेयर शंभू पासवान ने प्लांट का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 10 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस प्लांट में चार आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जो कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर उसका उपयोग सुनिश्चित करेंगी। सूखे कूड़े से ईंधन और आरडीएफ (रेफ्यूज-डेराइव्ड फ्यूल) तैयार कर औद्योगिक इकाइयों को भेजा जाएगा, जबकि गीले कचरे से कंपोस्ट खाद बनाई जाएगी।
नगर निगम के अनुसार इस प्लांट का नियमित संचालन इसी माह के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा। प्लांट के संचालन की जिम्मेदारी 15 वर्षों के लिए एक निजी कंपनी को सौंपी गई है। इस परियोजना के शुरू होने से शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और कूड़े के ढेर से होने वाली पर्यावरणीय समस्याओं में भी कमी आएगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




