देहरादून ( उत्तराखंड) डी ए वी पीजी कॉलेज में शनिवार को छात्रसंघ समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच एक छात्र पर अचानक चाकू से हमला कर दिया गया। जिससे समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। कॉलेज परिसर में कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गीतों पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान काली शर्ट पहने एक युवक भीड़ में घुसा और नाच रहे एक छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में छात्र गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे।
घायल गौरव कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मंच के सामने डांस कर रहा था, तभी एक अज्ञात युवक अचानक आया और उस पर हमला कर दिया। गौरव मूल रूप से गजरौला का निवासी है और फिलहाल देहरादून में पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा है। बताया जा रहा है कि वह 12वीं कक्षा का छात्र है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।




