
ऊधम सिंह नगर/बाजपुर। Bajpur स्थित चीनी मिल परिसर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। यहां कुल 153 आवास अतिक्रमण की जद में पाए गए हैं, जिनमें से 102 मकानों को 22 मार्च तक खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक आवास खाली नहीं किए गए तो 24 मार्च को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस आदेश के बाद परिसर में रहने वाले परिवारों में हड़कंप मच गया है।
मिल प्रबंधन के अनुसार, पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर समय दिया जा चुका था और कई बार मुनादी भी कराई गई। हाल ही में चिन्हित मकानों पर लाल निशान लगाकर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक 50 आवास पहले से ही जर्जर हालत में खाली पड़े हैं, जबकि बाकी 102 आवासों में बाहरी लोग रह रहे हैं या कई जगह ताले लगे हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी कि तय समय सीमा के भीतर मकान खाली कर दें, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।




