
नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर)। क्षेत्र के ग्राम सुनखरी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति और ससुरालियों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सुनखरी निवासी प्रियंका राणा (25) पत्नी अनिकेत राणा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली निरीक्षक मंजू पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई मोहन सिंह, निवासी ग्राम बिचवा, ने बताया कि उसकी बहन प्रियंका का विवाह करीब चार वर्ष पहले अनिकेत राणा के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही उसकी बहन ससुराल में रह रही थी और उसकी ढाई वर्ष की एक बेटी भी है।
मोहन सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की है। आरोप लगाते हुए उसने कहा कि बहन की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।





